खेल डेस्क। साल 2018 स्पिन गेंदबाजों के लिए शानदार रहा है। इस साल जिन पांच गेंदबाजों ने एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट हासिल किए हैं उनमें चार स्पिनर हैं। जबकि एक तेज गेंदबाज ही श्रेष्ठ पांच गेंदबाजों में अपनी जगह बना सका है।
अपनी स्पिन गेंदबाजी के दम पर अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में विशेष पहचान बना चुके अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज राशिद खान ने इस साल सबसे अधिक 48 विकेट हासिल किए हैं। वहीं इस सूची में भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
शीर्ष पांच गेंदबाज:
1. राशिद खान (अफगानिस्तान)
अफगानिस्तान के करिश्माई गेंदबाज राशिद खान इस साल विकेट लेने के मामले में शीर्ष पर रहे। उन्होंने इस दौरान 20 मैचों में 14.45 की औसत से 48 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/24 रहा है।
2. कुलदीप यादव (भारत)
सूची में दूसरे स्थान पर भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव रहे। यादव ने 19 मैचों में 17.77 की औसत से 45 अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/25 रहा।
3. आदिल रशीद (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज आदिल रशीद इस सूची में तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने इस साल 24 मैचों में 27.47 की औसत से 42 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/36 रहा।
4. मुजीब उर रहमान (अफगानिस्तान)
इस सूची में चौथे स्थान पर स्पिन गेंदबाज का ही दबदबा रहा। अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान ने इस साल 20 मैचों में 37 विकेट अपने नाम किए। उनका बेस्ट प्रदर्शन 5/50 रहा।
5. टीएल चतरा (जिम्बाब्वे)
शीर्ष पांच गेंदबाजों की सूची में एकमात्र तेज गेंदबाज जिम्बाब्वे के चतरा रहे। चतरा ने 21 मैचों में 30 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/33 रहा।