इंटरनेट डेस्क। एडिलेड में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 250 रन बनाकर आउट हो चुकी है। भारत के बाद अपनी पहली पारी खेलने उतरी आॅस्ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही है। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। भारत के तेज गेंदबाज ने इंशात शर्मा ने कंगारू टीम के तूफानी बल्लेबाज एॅरोन फिंच को खाता भी नहीं खोलने दिया और शून्य पर ही पवेलियन भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक आॅस्ट्रेलिया की टीम ने तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे। उस समय मैदान में उस्मान ख्वाजा 26 रन और पीटर हेडसकोम 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए है। आॅस्ट्रेलिया के लिए दूसरे विकेट के लिए पहली बार टेस्ट में डेब्यू कर रहे बल्लेबाज मार्कस हैरिस और ख्वाजा के बीच 45 रन की साझेदारी हुई। लेकिन जोड़ी को भारत के स्पिन गेंदबाज आर अश्विन ने तोड़ा। हैरिस 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उसके बाद अश्विन ने लंच के बाद पहले ही ओवर में शॉन मार्श को 2 रन पर बोल्ड का चलता किया। अश्विन ने अभी तक 2 विकेट लेने में कामयाबी हासिल की है।
इससे पहले आपको बता दें कि भारतीय पारी को 250 रन तक पहुंचाने में चेतेश्वर पुजारा का मुख्य हाथ रहा। पुजारा ने ऐसे समय शतक लगाया जब टीम इंडिया संकट में नजर आ रही थी। पुजारा ने चार टेस्ट मैचों के पहले मैच की पहली पारी में 123 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही पुजारा ने आॅस्ट्रेलिया की धरती पर पहला शतक लगाने में कामयाबी हासिल की। आपको बता दें कि पहले टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।