खेल डेस्क। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेलबर्न में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में 137 रन से शिकस्त देकर सात दशक में ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली टेस्ट शृंखला जीतने की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।
मेलबर्न में जीत हासिल करने के साथ ही भारतीय टीम ने बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखी। टीम इंडिया ने अब शृंखला में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। इसके जीत के साथ ही भारतीय टीम ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
मेलबर्न में 37 साल बाद मिली जीत
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में 3 साल बाद जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने 1980-81 में सुनील गावस्कर की अगुआई में ग्रेग चैपल की टीम को यहां पर शिकस्त दी थी।
40 साल बाद जीते ऑस्ट्रेलिया में सीरीज के दो 2 टेस्ट मैच
भारतीय टीम ने 40 साल के लम्बे इंतजार के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एक टेस्ट सीरीज के दो मैच अपने नाम किए। इससे पहले टीम इंडिया ने बिशन सिंह बेदी की कप्तानी में मेजबान टीम को यहां पर 1977-78 में सीरीज के दो टेस्ट मैचों में हराया था।
पहली बार जीता बॉक्सिंग डे टेस्ट
भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है। ऑस्ट्रेलिया में भारत 8वीं बार बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला और इनमें से यह टीम इंडिया की पहली जीत है। इनमें से 5 मैचों में उसे शिकस्त का सामना करना पड़ा जबकि 2 मैच ड्रॉ समाप्त हुए।
भारत ने दर्ज की 150वीं जीत
मेलबर्न की जीत भारत की 150 वीं जीत थी। वह ऐसा करने वाली विश्व की पांचवीं टीम बन गई है। भारत की यह अपने 532वें टेस्ट में 150वीं जीत है। भारत से ज्यादा आस्ट्रेलिया (384), इंग्लैंड (364), वेस्टइंडीज (171) और दक्षिण अफ्रीका (162) ही टेस्ट क्रिकेट में जीत हासिल कर सकी है।