Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एडिलेड टेस्ट : विकेटों की पतझड़ के बीच टिके पुजारा

एडिलेड, 6 दिसम्बर: भारतीय क्रिकेट टीम ने चेतेश्वर पुजारा (123) के शानदार शतक की बदौलत आस्ट्रेलिया के साथ एडिलेड ओवल मैदान पर जारी पहले टेस्ट में के पहले दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक नौ विकेट पर 250 रनों का सम्माजनक स्कोर खड़ा कर लिया। भारत ने एक समय 41 रनों पर ही अपने चार शुरुआती बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे लेकिन पुजारा ने रोहित शर्मा (37), ऋषभ पंत (25) और रविचंद्रन अश्विन (25) के साथ मिलकर न सिर्फ भारतीय पारी को मुश्किल से निकाला बल्कि सम्मानजनक स्कोर की ओर अग्रसर किया।

पुजारा ने रोहित के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी की। पंत के साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़े जबिक अश्विन के साथ सातवें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की।

भारत ने भोजनकाल तक चार विकेट पर 56 रन बनाए थे जबकि चायकाल तक उसका स्कोर छह विकेट पर 146 रन था।

पुजारा के 250 के कुल योग पर रन आउट होने के साथ दिन के खेल की समाप्ति हुई। मोहम्मद शमी छह रन बनाकर नाबाद लौटे। पुजारा ने अपनी 246 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। यह पुजारा के करियर का 16वां शतक है। इसी के साथ पुजारा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने पांच हजार रन पूरे कर लिए हैं।

टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। लोकेश राहुल (2), मुरली विजय (11) और विराट कोहली (3) के विकेट 19 रनों पर गिर गए। अजिंक्य रहाणे (13) ने थोड़ा संयम दिखाया लेकिन वह भी 41 के कुल योग पर आउट हुए। यहां से रोहित और पुजारा ने टीम को संभाला और पहले सत्र तक टीम को पांचवां झटका नहीं लगने दिया।

11 महीनों बाद टेस्ट मैच खेल रहे रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने अपनी पारी में कुछ दर्शनीय स्ट्रोक लगाए। वह हालांकि नाथन लॉयन की गेंद पर एक गैरजरूरी शॉट खेल आउट हुए। लॉयन की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पदार्पण कर रहे मार्कस हैरिस ने रोहित को कैच पकड़ा। रोहित ने अपनी 61 गेंदों की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए।

लॉयन ने ही पंत को आउट कर पुजारा को एक बार फिर अकेला कर दिया। पंत अपने अंदाज में रन बना रहे थे, लेकिन वह लॉयन को नहीं संभाल पाए। लॉयन की एक गेंद पंत के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर टिम पेन के हाथों में जा समाई।

इसके बाद अश्विन ने पुजारा का अच्छा साथ दिया। इस बीच तीसरे सत्र में पुजारा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। अश्विन का विकेट पैट कमिंस के हिस्से आया। वह 189 के कुल योग पर आउट हुए। अश्विन ने 76 गेंदों पर एक चौका लगाया, लेकिन अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने संयम के साथ खेल रहे पुजारा को शतक के करीब जाने का मौका दिया।

ईशांत शर्मा (4) ने थोड़ा समय उनके साथ बिताया। इशांत का विकेट 210 के कुल योग पर गिरा। ईशांत के जाने के कुछ देर बाद पुजारा ने 231 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह पुजारा टेस्ट में 16वां शतक है। इसके बाद पुजारा 88वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हुए। इसी के साथ दिन के खेल की समाप्ति हुई।

शमी ने अपनी नाबाद पारी में नौ गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया है।

आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और नाथन ल्योन ने दो-दो विकेट लिए हैं।

The post एडिलेड टेस्ट : विकेटों की पतझड़ के बीच टिके पुजारा appeared first on SportzWiki Hindi.