Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

हमारा विश्व कप अब शुरू हुआ है : हरेंद्र सिंह 

भुवनेश्वर
भारत के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि उनके लिये पूल मैच चार देशों का टूर्नामेंट था और असली विश्व कप तो अब शुरू हुआ है जिसमें मेजबानों ने यहां कनाडा को 5-1 से हराकर सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। हरेंद्र सिंह ने कहा कि जो मेरे कमरे में गये होंगे, वे जानते हैं कि मैंने पहले ही अपने कमरे में लिख दिया है कि कौन क्वार्टरफाइनल में खेलेगा और कौन सेमीफाइनल में। मेरे लिये चार देशों का टूर्नामेंट खत्म हुआ है और विश्व कप अब शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि क्वार्टरफाइनल से आप पदक की दौड़ में होते हैं। असली टूर्नामेंट अगले मैच से शुरू होगा। हरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय टीम शुरूआती दो क्वार्टर में गोल की कोशिश में बॉल को लेकर दौड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि हम फाइनल पास से चूक रहे थे, हम गोल के लिये दौड़ रहे थे। हमें इंतजार करना चाहिए था, बॉल की तरफ दौड़ नहीं सकते। मुझे लगता है कि पहले हाफ में हमने ज्यादा ही दौड़ लगायी। उन्होंने कहा कि हम ज्यादा ही तेजी में थे। हमें इससे बचना होगा। हालांकि वह इस बात से निराश थे कि भारतीय टीम गोल गंवा बैठी। उन्होंने कहा कि हम क्लीन-शीट रखने में असफल रहे और मुझे इससे बुरा लग रहा है। हरेंद्र सिंह ने कहा कि गोल गंवाकर आप लय प्रतिद्वंद्वी को दे देते हो। इस क्लीन-शीट से प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनता है।