Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एक घर, दो भाई और आईपीएल में करोड़ों की बरसात

पटियाला
इस बार जब आईपीएल ऑक्शन शुरू हुआ, तो पटियाला के इस परिवार को भी यह उम्मीद थी कि उसके घर के दोनों लड़कों को 8 फ्रैंचाइजियों में कोई न कोई तो खरीद ही लेगी। दोनों भाइयों को दो अलग-अलग फ्रैंचाइजियों ने खरीद भी लिया। लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह पर जब फ्रैंचाइजियों ने खुलकर बोली लगाई, तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आखिरकार 4.8 करोड़ रुपये की बोली लगाकर किंग्स XI पंजाब (KXIP) प्रभसिमरन को अपने पाले में करने में कामयाब रही। वहीं उनके भाई अनमोलप्रीत सिंह को भी मुंबई इंडियंस ने 80 लाख रुपये में अपनी टीम के लिए चुना। अनमोल बैट्समैन हैं।

हैंडबॉल के नैशनल प्लेयर रहे हैं अनमोल के पिता
अनमोल और प्रभसिमरन चचेरे भाई हैं और ये जॉइंट फैमिली में एकसाथ रहते हैं। अनमोल के पिता सतविंदर सिंह हैंडबॉल के खिलाड़ी रहे हैं और वह भारत के लिए भी खेले हैं। दिलचस्प है कि सतविंदर सिंह को क्रिकेट का खेल बिल्कुल पसंद नहीं था और वह कभी नहीं चाहते थे कि उनका बेटा और भतीजा क्रिकेटर बनें। लेकिन दोनों लड़कों वही चुना जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया इस परिवार में तीन बेटे हैं और अब तो छोटा (तीसरा) बेटा तेजप्रीत भी क्रिकेट में नाम रोशन कर रहा है। सतविंदर चाहते थे कि उनके बेटे भी हैंडबॉल में अपना करियर बनाएं, लेकिन अब उनके बच्चों के क्रिकेट चुनने पर गर्व है।

परिवार नहीं चाहता था क्रिकेटर बने उनके बच्चे
सतविंदर बताते हैं, 'हमारे घर के पीछे आंगन में दो-दो हैंडबॉल के गोल पोस्ट पड़े हैं लेकिन बच्चों ने इन्हें एक साइड में हटाकर क्रिकेट के नेट्स लगा दिए। मुझे एक खेल के रूप में क्रिकेट कभी पसंद नहीं था। लेकिन भाग्य को कुछ और ही मंजूर था। अब मैं यही कह सकता हूं कि हमारा परिवार काफी गर्व महसूस कर रहा है। अब इन दोनों के अलावा (अनमोल और प्रभसिमरन) तीसरा बेटा तेजप्रीत भी अच्छा कर रहा है। 17 वर्षीय तेजप्रीत लेग स्पिनर है और वह पंजाब की अंडर-19 टीम में खेल रहा है।'

'हम खुशी के मारे पागल हो गए और आधी रात तक जश्न मनाते रहे'
जैसे ही प्रभसिमरन का नाम बोली में आया, तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले उनपर दांव खेला और फिर किंग्स की टीम ने उन्हें अपने पाले में कर लिया। हम सभी बोली वाले दिन टीवी से चिपके हुए थे। प्रभसिमरन कहते हैं, 'मुझे यह तो विश्वास था कि भैया (अनमोल) का कॉन्ट्रैक्ट जरूर मिलेगा। लेकिन मैंने यह सपने में नहीं सोचा था कि मेरे ऊपर इतना मोटा दांव लेगेगा।'

अनमोल ने कहा, 'हम दोनों का नाम कॉन्ट्रैक्ट में आने के बाद परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हम और हमारे पड़ोसी खुशी के मारे पागल थे और आधी रात तक जश्न मनाते रहे। हमने मिठाइयां बांटी और दोस्तों-रिश्तेदारों के साथ भंगड़ा कर रहे थे।' यह पूछने पर कि छोटे भाई प्रभसिमरन को उनसे अधिका दाम मिला, तो कैसा लग रहा है, 'इस पर अनमोल ने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ा हम दोनों बहुत खुश हैं और सारे पैसे घर ही आ रहे हैं।'