Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विराट कोहली ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा

मेलबोर्न
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज़ विराट कोहली ने  आस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरूवार को बॉक्सिंग डे टेस्ट में अपनी 82 रन की अर्धशतकीय पारी के साथ पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के एक महत्वपूर्ण रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया।  30 वर्षीय विराट ने तीसरे बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन गुरूवार को भारत की पहली पारी में 82 रन बनाये। दिलचस्प है कि विराट को द्रविड़ को पीछे छोड़ने के लिये इतने ही रनों की ज़रूरत थी। उन्होंने 204 गेंदों की पारी में नौ चौके लगाकर 82 रन बनाये जिसके साथ उन्होंने पूर्व बल्लेबाज़ द्रविड़ के एक कैलेंडर वर्ष में विदेशी ज़मीन पर सर्वाधिक 1137 रन बनाने के रिकार्ड को भी तोड़ दिया। द्रविड़ ने वर्ष 2002 में यह रिकार्ड कायम किया था और इस मामले में उन्होंने पूर्व दिग्गज मोहिंदर अमरनाथ के रिकार्ड को तोड़ा था। अमरनाथ ने वर्ष 1983 में एक कैलेंडर वर्ष में विदेशी जमीन पर 1065 रन के साथ यह रिकार्ड कायम किया था।

मौजूदा भारतीय कप्तान के मेलबोर्न टेस्ट से पहले तक विदेशी टेस्ट दौरों में 1056 रन थे लेकिन बाक्सिंग डे टेस्ट में 82 रन बनाने के साथ उनका एक कैलेंडर वर्ष में अब कुल स्कोर 1138 रन हो गया है। विराट ने इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका सीरीज़ से विदेशी दौरों की बेहतरीन शुरूआत की थी और तीन टेस्टों में 286 रन बनाये थे जिसमें सेंचुरियन में उनका शतक भी शामिल है। इंग्लैंड में भी विराट ने इस फार्म को बरकरार रखा और पांच टेस्टों की सीरीज़ में 593 रन बनाकर भारतीय टीम के लिये सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे थे। हालांकि अफ्रीका और इंग्लैंड दोनों ही देशों में भारतीय टीम को वह सीरीज़ में जीत नहीं दिला सके। मौजूदा आस्ट्रेलिया दौरे में विराट ने एडिलेड में पहले टेस्ट में 03 और 34 रन बनाये थे लेकिन दूसरे पर्थ टेस्ट में उन्होंने वापसी करते हुये 123 रन की शतकीय पारी खेली। मौजूदा सीरीज़ में विराट का यह दूसरा बड़ा स्कोर भी है।