Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पर्थ टेस्ट से हुआ साफ आॅस्ट्रेलिया से कमजोर है भारत की बल्लेबाजी: पोंटिंग

पर्थ
 आॅस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने दूसरे टेस्ट में यहां भारत की 146 रन की हार के बाद कहा कि भारतीय बल्लेबाजी की परेशानी आॅस्ट्रेलियाई टीम से अधिक हैं। पोटिंग ने एक वेबसाइट से कहा, ‘मैंने श्रृंखला की शुरुआत में दोनों टीमों की तुलना की थी और मुझे नहीं लगता कि भारत यहां जीत सकता है। ऐसा सिर्फ उसकी बल्लेबाजी की कमजोरियों के कारण है जो इस हफ्ते उजागर हुईं।’

भारत को पहला झटका पृथ्वी शाॅ के चोटिल होने से लगा तो पूरी टेस्ट श्रृंखला से बाहर हो गए। क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान इस युवा बल्लेबाज को बाए टखने में चोट लगी थी। बल्लेबाज रोहित शर्मा और आॅफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी चोटिल होने के कारण पर्थ टेस्ट से बाहर हो गए।

भारत ने अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और आलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल किया है। पोंटिंग ने कहा, ‘उन्हें एक और सलामी बल्लेबाज बुलाना पड़ा, उन्होंने एक और आलराउंडर को बुलाकर अपने मध्यक्रम को मजबूत करने का प्रयास किया है। उनके पास उतनी ही क्षमता है जितनी आस्ट्रेलियाई लड़कों के पास। उनकी टीम में काफी अनिश्चितताएं हैं।’   

पोंटिंग ने आॅस्ट्रेलिया को सलाह दी कि वे जीत की लय को मेलबर्न में तीसरे टेस्ट में लेकर जाएं। उन्होंने कहा, ‘वह इस हफ्ते जिस तरह खेले उससे उन्होंने एक खाका तैयार किया कि आखिर भारत को कैसे हराया जा सकता है। उन्हें अब इसे आगे बढ़ाना होगा।’ पोंटिंग ने कहा, ‘इसमें कोई संदेह नहीं कि एक जीत के साथ आत्मविश्वास आएगा लेकिन वे मेलबर्न में यह उम्मीद नहीं कर सकते कि भारत उसी तरह खेलेगा जैसा कि यहां खेला।’ पोटिंग ने हालांकि आॅस्ट्रेलिया को चेताया कि बाकी बचे दो स्थल भारत के अधिक अनुकूल होंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर आप एमसीजी और एससीजी के बारे में सोचो तो वहां के हालात एडिलेड और पर्थ की तुलना में भारतीयों को अधिक रास आएंगे।’