इंटरनेट डेस्क। भारतीय टीम इस समय कंगारू धरती पर चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का तीसरा मैच कल 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज के बाद भारत और कंगारू टीम के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए कल टीम की घोषणा हो चुकी है। टीम की घोषणा की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार को अपने ट्विटर पर शेयर की। साथ ही क्रिकेट फैंस को जानकर खुशी होगी कि उनके चहेते खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की भी एक बार वनडे और टी20 में वापसी हो गई है।
आपको बता दें कि महेन्द्र सिंह धोनी के टीम में शामिल होने से ऋषभ पंत की छुट्टी हो गई है। अब धोनी ही ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की दोनों वनडे सीरीज में विकेटकीपर की भूमिका में नजर आएंगे। धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में भी विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। धोनी के अलावा दिनेश कार्तिक को भी टीम में जगह मिली है।
आपको बता दें कंगारू दौरे के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे में 5 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। वनडे सीरीज का पहला मैच 23 जनवरी को नेपियर में खेला जाएगा। धोनी के अलावा चोट की वजह से लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की भी वापसी हुई है। हार्दिक पांड्या को वनडे और टी20 दोनों टीमों में चुना गया है। जबकि हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल पांड्या को टी20 टीम में शामिल किया गया। भारत और कंगारू टीम इस समय चार टेस्ट मैचों की सीरीज में एक—एक से बराबरी पर है।
ये हैं कंगारू और कीवी दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, अंबति रायडू, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, एमएस धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, मोहम्मद शमी।
कीवी दौरे टी20 के लिए ये हैं 15 सदस्यीय भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, एमएस धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद।