खेल डेस्क। बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज शॉन मार्श (132) के करियर के सातवें शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे वनडे में निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 298 रन बनाए। शॉन मार्श ने छठे विकेट के लिए ग्लैन मैक्सवेल (48) के साथ 94 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। मार्श ने 108 गेंदों में दस चौकों की सहायता से टूर्नामेंट अपना पहला शतक पूरा किया।
मार्श ने अपनी शतकीय पारी के दौरान केवल 123 गेंदों का सामना किया। इस पारी में उन्होंने 11 चौके और तीन छक्के लगाए। जबकि मैक्सवेल ने 37 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाए।भारत की ओर से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए। एक विकेट रवीन्द्र जडेजा ने अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी कप्तान अरोन फिंच और एलेक्स कैरी ने शुरू की। मेजबान टीम की शुरुआत एक बार फिर से अच्छी नहीं रही। कप्तान फिंच एक बार फिर से केवल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने बोल्ड किया। अगले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने कैरी (18) को मिडविकेट पर शिखर धवन के हाथों कैच करवा दिया।
इसके बाद पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले उस्मान ख्वाजा भी केवल 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम इंडिया को चौथी सफलता रवींद्र जडेजा ने पीटर हैंड्सकोंब (20) को विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप कराके दिलाई। मोहम्मद शमी ने स्टोइनिस को विकेटकीपर एमएस धोनी को कैच करवाकर मैच में अपना दूसरा शिकार किया। स्टोइनिस ने 29 रन का योगदान दिया।