खेल डेस्क। इस साल रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान टीम ने सोमवार को एलीट ग्रुप सी मैच के पहले दिन त्रिपुरा के खिलाफ मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। राजस्थानी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगरतला में खेले जा रहे इस मैच की पहली पारी में त्रिपुरा को केवल 35 रन पर ही ढेर कर दिया। इसके बाद मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाकर 183 रन की बढ़त बना ली है।
विकेट के मिजाज को देखा जाए तो यह मुकाबला दूसरे दिन ही समाप्त हो जाएगा। पहले दिन दोनों ही टीमों के 20 विकेट गिरे। राजस्थान की ओर से तेज गेंदबाज अनिकेत चौधरी ने पांच और तनवीर उल हक ने तीन विकेट अपने नाम किए। उनके इस प्रकार के प्रदर्शन की बदौलत त्रिपुरा सस्ते में ही सिमट गई।
टॉस जीतकर त्रिपुरा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। त्रिपुरा के कप्तान का ये फैसला पूरी तरह से खराब रहा। त्रिपुरा की ओर से केवल एक बल्लेबाज (नीलाम्बुज वत्स) ही दोहरे अंक तक पहुंच सका। उन्होंने नाबाद 11 रन बनाए। वहीं छह बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। त्रिपुरा की पूरी टीम केवल 18.5 ओवर में ढेर हो गई।
इसके जवाब में राजस्थान की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही। शीर्ष क्रम के असफल होने के बाद तेज गेंदबाज तनवीर उल हक ने बल्लेबाजी में हाथ दिखाते हुए टीम की ओर से सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। दीपक चाहर ने 22, राहुल चाहर ने 27 और अनिकेत चौधरी ने 30 रन का योगदान दिया।