खेल डेस्क। अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 101) के करियर के 18वें शतक और युवा सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (77) की अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने गुरुवार को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन तक चार विकेट पर 243 रन बनाकर बड़े स्कोर की नींव रख दी है।
समाचार लिखे जाने तक पुजारा 101 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि युवा बल्लेबाज हनुमा विहारी 8 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे। दोनों पांचवें विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी कर चुके हैं। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने एक बार फिर भारतीय टीम के लिए अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 77 रन की पारी खेली।
अग्रवाल और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। मयंक ने 96 गेंद में अपने करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन पर दो छक्के भी मारे। मयंक अग्रवाल आखिर नाथन लियोन का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 112 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और दो छक्के मारे।
इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रविचंद्रन अश्विन सुबह फिटनेस टेस्ट में नाकाम होने के कारण टीम का हिस्सा नहीं रहे। इस मैच के लिए भारत ने कुलदीप यादव और लोकेश राहुल को रोहित शर्मा और इशांत शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किया गया।
वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी दो बदलाव किए गए। मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लोकेश राहुल केवल नौ रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए। भारतीय टीम की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 23 और उप कप्तान अजिंक्या रहाणे ने 18 रन का योगदान दिया।