Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

AUS vs IND- पेन और तेज गेंदबाजों के बीच कुछ भ्रम की स्थिति थी: डेविड सेकर

सिडनी 
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी कोच डेविड सेकर ने खुलासा किया है कि कप्तान टिम पेन और उनके तेज गेंदबाजों के बीच भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन टीम की रणनीति को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति बनी थी। दिन का खेल समाप्त होने के बाद इसको लेकर बहस भी हुई।ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस गुरुवार को जूझते हुए नजर आए।  
भारत ने पहले दिन 4 विकेट पर 303 रन बनाए तथा सेकर ने खुलासा किया कि पेन और तेज गेंदबाज रणनीति के मामले में एकमत नहीं थे। सेकर ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘मेरा मानना है कि गेंदबाज कुछ और चाहते थे तथा टिम कुछ और। बाहर से देखने पर लग रहा था कि वहां कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।’ 
 
टीम से हुई बहस 
सेकर ने कहा कि दिन का खेल समाप्त होने के बाद उनकी और मुख्य कोच जस्टिन लैंगर की टीम के साथ तीखी बहस हुई थी। उन्होंने कहा, ‘कल रात हमारी दिन के खेल को लेकर बहस हुई, क्योंकि हमारे लिए यह वास्तव में निराशा से भरा दिन था। यह बहस थोड़ी तीखी थी। मैं खुश नहीं था और जस्टिन लैंगर भी। गेंदबाज इसे जानते थे।’ 
 
नाथन लियोन भी नहीं थे खुश 
ऑफ स्पिनर नाथन लियोन भी ऑस्ट्रेलियाई रणनीति से खुश नहीं थे। उन्होंने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं बहुत खुश नहीं था। हम विकेट में नमी का फायदा नहीं उठा पाए। कप्तान और गेंदबाजों ने अच्छी रणनीति अपनायी लेकिन वह कारगर साबित नहीं हुई।’