Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

प्रो रेसलिंग लीग: यूपी दंगल के लिए करो या मरो का मुकाबला

ग्रेटर नोयडा
प्रो रेसलिंग लीग का आखिरी लीग मैच यूपी दंगल के लिए करो या मरो का मुकाबला है और सोमवार को उसके सामने होगी दो बार की चैम्पियन पंजाब रॉयल्स की टीम। पंजाब की टीम पिछले मुकबले में हरियाणा हैमर्स को हराकर पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। उसके लिए यह मुकाबला सेमीफाइनल से पहले का तैयारी मैच होगा। इस मुकाबले में पुरुषों के 74, 86 और महिलाओं में 57 और 62 किलो में कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है। 74 किलो में पंजाब को पिछले मैच में निर्णायक मुकाबला जिताने वाले और पूर्व एशियाई चैम्पियन अमित धनखड़  होंगे तो वहीं उनके सामने लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले यूपी दंगल के जितेंद्र होंगे। 

86 किलो में ओलिम्पिक के पदक विजेता पंजाब रॉयल्स के दातो मरसागिशिवली होंगे जो अब तक कोई भी मुकाबला हारे नहीं हैं। उनका मुकाबला जॉर्जिया के उन इराकली मिसितुरी से होगा जो उन्हें हाल में जॉर्जिया में एक प्रतियोगिता में हरा चुके हैं। महिलाओं में कई उलटफेर कर चुकीं सरिता के सामने बुल्गारियाई खिलाड़ी मिमी रिस्तोवा होंगी। रिस्तोवा यूरोपीय चैम्पियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट हैं जबकि सरिता 2017 की एशियाई चैम्पियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट हैं। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनसे एक और उलटफेर की उम्मीद है। 62 किलो में यूपी दंगल की नवजोत कौर के सामने अनिता होंगी। नवजोत एशियाई चैम्पियनशिप में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं जबकि अनिता ने कई बार राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में गोल्ड जीतने के बाद वापसी की है और राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का गोल्ड जीतकर पिछले दिनों अपने इरादे ज़ाहिर कर दिये थे।