Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पीडब्लूएल: मुंबई पर जीत से दिल्ली की सेमीफाइनल उम्मीदें जगीं

ग्रेटर नोएडा
कप्तान खेतिक शबालोव ने रविवार को आगे बढ़कर मोर्चा संभाला और यहां गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम में चल रही प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्लूएल) के चौथे सत्र में उनकी टीम दिल्ली सुल्तांस ने 5-2 से टाई जीतकर मंबई महारथी की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं पर गहरा आघात पहुंचाया। फिसड्डी दिल्ली के सुल्तांस ने टाई के शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर मुंबई के महारथियों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस जीत से दिल्ली की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जाग गई हैं जबकि मुंबई का भविष्य सोमवार को पंजाब रॉयल्स और यूपी दंगल के बीच होने वाली अंतिम ग्रुप टाई के परिणाम पर अटक गया है।

कप्तान खेतिक शबालोव के अलावा अनस्तासिया शुस्तोवा, पंकज मिश्रा और स्टार पहलवान साक्षी मलिक ने अपने अपने मुकाबले जीतकर दिल्ली का दबदबा कायम कर दिया था और अंतिम मुकाबला जीतकर आंद्रे क्वित्कोवस्की ने दिल्ली की जीत का अंतर बढ़ाया। टाई के पहले मुकाबले (74 किलो) में दिल्ली सुल्तांस के प्रमुख खिलाड़ी खेतिक शबालोव ने मुंबई महारथी के सचिन राठी की शुरुआती आक्रामकता पर काबू पाते हुए 9-2 से जीत हासिल की और अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। दिल्ली की यूरोपियन अंडर-23 चैम्पियन अनस्तासिया शुस्तोवा ने लीग के इस सत्र का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए मुंबई की यूरोपियन चैम्पियनशिप सिल्वर मेडेलिस्ट जेनेथ नेमेथ को 10-5 से पराजित किया। महिला 76 किलो के इस मुकाबले में ज्यादातर समय 0-5 से पिछड़ रहीं अनस्तासिया ने अंतिम 30 सेकेंड में बाजी पलटी। यूक्रेनी पहलवान की जीत से दिल्ली 2-0 से आगे हो गई।

टाई के अगले मैच में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दिल्ली सुल्तांस के पंकज मिश्रा ने 2-5 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए यूरोपियन अंडर-23 चैम्पियन इब्रागिम इलियासोव को रोमाचंक मुकाबले (57 किलो) में 11-8 से हरा दिया। इस जीत से दिल्ली की बढ़त 3-0 हो गई। अगले मुकाबले (महिला 62 किलो) के लिए मैट उतरीं रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने दिल्ली की बढ़त को जीत में बदलने का मौका नहीं गंवाया। उन्होंने मुंबई के लिए खेल रहीं अपनी ट्रेनिंग पार्टनर शिल्पी यादव को 16-2 से धो डाला। दीपक पुनिया ने टाई में मुंबई महारथी का  खाता खोला। उन्होंने 86 किलो की कुश्ती में प्रवीण राणा के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता दिखाते हुए 18-2 से जीत हासिल की। मुंबई महारथी की एशियन गेम्स गोल्ड मेडेलिस्ट विनेश फोगाट महिला 53 किलो के मुकाबले में दिल्ली सुल्तांस की जायंट किलर पिंकी के खिलाफ किसी तरह से खुद को हारने से बचाने में सफल रहीं। विनेश ने यह कड़ा मुकाबला 14-9 से जीता और स्कोर 2-4 हो गया। यूक्रेन के आंद्रे क्वित्कोवस्की ने दिल्ली के लिए टाई का अंतिम मुकाबला जीता। उन्होंने 65 किलो में हरफूल को 4-2 से हराया। इस तरह दिल्ली ने 5-2 से टाई जीती। इससे उसकी सेमीफाइनल की कुछ संभावना बन गयी है।