Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले धोनी ने रांची के देवड़ी मंदिर में की पूजा

नई दिल्ली 
भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार धोनी ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने से पहले शुक्रवार को रांची के माता देवड़ी मंदिर जाकर भजन-कीर्तन में शामिल हुए। पूर्व कप्तान धोनी करीब ढाई महीने बाद एक बार फिर मैदान पर ब्लू जर्सी पहने नजर आएंगे। उनके फैंस को भी इसका बेसब्री से इंतजार है। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है जिसके बाद उसे 12 जनवरी से वनडे सीरीज खेलनी है। धोनी को 3 मैचों की इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। सोशल मीडिया पर एक विडियो में धोनी देवड़ी मंदिर में बैठे नजर आ रहे हैं और उनके बगल में बैठे पुजारी माता के भजन गा रहे हैं। धोनी के फैंस इस दौरान उनकी तस्वीर क्लिक करते भी नजर आए।

अपनी कप्तानी में भारत को साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप दिलाने वाले धोनी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम से बाहर किया गया था। धोनी ने आखिरी बार वनडे इंटरनैशनल मैच पिछले साल 1 नवंबर को वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेला था। हालांकि उस मैच में वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे। इससे पहले धोनी ने चौथे नवरात्र के मौके पर भी माता के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वह जब भी रांची आते हैं तो मां के मंदिर पहुंचने की कोशिश करते हैं। वनडे क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन बना चुके धोनी की इस मंदिर में काफी आस्था है। धोनी जब भी रांची में होते हैं, तो माता के मंदिर में पूजा करने जरूर जाते हैं।