Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑस्ट्रेलियन ओपन: फेडरर और वोज्नियाकी अगले दौर में, एंडरसन हारे

मेलबर्न
गत चैंपियन रोजर फेडरर और कैरोलिन वोज्नियाकी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। फेडरर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 20वें साल तीसरे दौर में प्रवेश किया। ब्रिटेन के डॉन इवांस के खिलाफ मुकाबला 7-6, 7-6, 6-3 से जीतने में फेडरर को काफी मेहनत करनी पड़ी। 20 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन फेडरर यहां रेकॉर्ड सातवां और लगातार तीसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरे हैं। फेडरर ने पहले दौर में डेनिस इस्तोमिन को हराया लेकिन दूसरे दौर में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दो घंटे 35 मिनट तक चला मुकाबला जीतने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं शुरुआत से दबाव बना लेता तो हालात कुछ और होते।’ अब फेडरर का सामना फ्रांस के गाएल मोंफिल्स या अमेरिका के टेलर फ्रिट्स से होगा। 

पांचवीं रैंकिंग वाले साउथ अफ्रीका के केविन एंडरसन को अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो ने 4-6, 6-4, 6-4, 7-5 से शिकस्त दी। अब दुनिया के 39वें नंबर के इस खिलाड़ी का सामना इटली के आंद्रियास सेप्पी से होगा। छठी वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने अमेरिका के मैकेंजी डॉनल्ड को 5 सेटों में हराया जो अब स्पेन के फर्नांडो वर्डास्को से खेलेंगे। यूनान के स्टीफानोस टी भी सर्बिया के विक्टर ट्रोइकी को हराकर अगले दौर में पहुंच गए। महिला वर्ग में कैरोलिन वोज्नियाकी ने स्वीडन की जोहाना लॉरसन को 6-1, 6-3 से मात दी। स्लोएन स्टीफंस ने टिमिया बाबोस को 6-3, 6-1 से हराया।