इंटरनेट डेस्क। तेज गेंदबाज डग ब्रेसवेल और स्काट कुगेलिन के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भी श्रीलंका को 35 रन से शिकस्त दी।यह श्रीलंका की कीवी दौरे पर अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार पांचवीं हार है। इससे पहले उसे कीवी टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट और तीन वनडे में हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूजीलैंड ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्रेसवेल (44) और कुगेलिन (नाबाद 35) की पारियों की बदौलत सात विकेट पर 179 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका अच्छी शुरुआत के बाद 16.5 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम की ओर से ऑलराउंडर तिसारा परेर ने सर्वाधिक 43 रन बनाए।
एक समय श्रीलंका की टीम 12 ओवर में चार विकेट पर 118 रन बनाकर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी, लेकिन इसके बाद उसने अपने अंतिम छह विकेट केवल 26 रन जोडक़र गंवा दिए। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फग्र्युसन और ईश सोढ़ी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं कुगेलिन और ब्रेसवेल भी एक-एक विकेट हासिल करने में सफल रहे।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 55 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन बाद में ब्रेसवेल, कुगेलिन और अनुभवी रोस टेलर (33) की उपयोगी पारियों के दम पर न्यूजीलैंड सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। अनुभवी रोस टेलर ने भी 37 गेंद में 33 रन की पारी खेली। ब्रेसवेल ने 26 गेंदों की अपनी पारी में पांच छक्के और एक चौके की सहायता से 44 और कुगेलिन ने 15 गेंदों पर चार छक्के और एक चौके की सहायता से नाबाद 35 रन बनाए।