Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ऑस्ट्रेलियन ओपन: पहले ही दौर में हारे मरे

मेलबर्न
पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 ब्रिटेन के एंडी मरे साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नमेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गए हैं। मरे को सोमवार को पुरुष एकल वर्ग के मैच में स्पेन के रोबेर्ट बतिस्ता अगुट ने एक बेहद रोमांचक और मैराथन मुकाबले में मात दी। बतिस्ता ने पूर्व विजेता मरे को 6-4, 6-4, 6-7 (5-7), 6-7 (4-7), 6-2 से मात देते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। स्पैनिश खिलाड़ी के लिए हालांकि यह उलटफेर करना आसान नहीं रहा। उन्हें इस मैच को जीतने में चार घंटे नौ मिनट का समय लगा। बतिस्ता ने पहले दो सेट जीत मरे को हार की तरफ धकेल दिया था लेकिन ग्रेट ब्रिटेन के इस दिग्गज ने अगले दो सेटों में बेहतरीन वापसी करते हुए मैच को पांचवें सेट में पहुंचा दिया। आखिरी सेट में भी मरे ने दम दिखाया लेकिन चोटों से ग्रस्त यह दिग्गज स्पैनिश खिलाड़ी के सामने टिक नहीं सका। 

बतिस्ता दूसरे दौर में ऑस्ट्रेलिया के जॉन मिलमैन से भिड़ेंगे जिन्होंने पहले दौर के मैच में अर्जेंटीना के फेड्रेरिको डेलबोनिस को चार सेटों तक चले मुकाबले में 6-3, 3-6, 7-6 (7-3), 6-2 से मात दी। मरे ने इस टूर्नमेंट से पहले कहा था कि वह इस साल टेनिस को अलविदा कह देंगे, इस लिहाज से यह उनका आखिरी ऑस्ट्रेलियन ओपन टूर्नमेंट था। मरे आखिरी सेट में भावुक नजर आए और मैच गंवाने के बाद पूरे स्टेडियम ने खड़े होकर ताली बजा कर उनते ऑस्ट्रेलियन ओपन से विदाई दी।