Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत की ओर से न्यू जीलैंड में पदार्पण करने से बेहतर कुछ नहीं: शुभमन गिल

नई दिल्ली
भारतीय टीम में शामिल किए गए शुभमन गिल ने कहा कि अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत न्यू जीलैंड में करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता क्योंकि 12 महीने पहले उन्हें अंडर-19 विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नमेंट’ चुना गया था। मोहाली में बसे इस क्रिकेटर को अपने अंडर-19 कप्तान पृथ्वी साव की तरह ही भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिला, हालांकि यह छोटे फॉर्मेट में ही होगा लेकिन इस खिलाड़ी के लिए 2018 स्वप्निल रहा जिसमें उन्हें वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत आईपीएल का करार मिला। गिल ने हाल में रणजी ट्रोफी अभियान में पंजाब के लिए 10 पारियों में 98.75 के औसत से 790 रन बनाए। वह कोच राहुल द्रविड़ की भारतीय ए टीम का भी हिस्सा थे जिसने पिछले महीने न्यू जीलैंड का दौरा किया था। शुभमन को भारतीय टीम में शामिल होने की खबर बीती रात मिली थी, उन्होंने कहा, ‘न्यू जीलैंड दौरे के लिए चुना जाना मेरे लिए अच्छा है, मैं वहां अंडर-19 विश्व कप में खेला था और अब दोबारा मेरे पास यह मौका है।’ 

उन्होंने कहा, ‘मैंने वहां अच्छा प्रदर्शन किया, मैं कह सकता हूं कि वहां तकनीक में इतना ज्यादा सांमजस्य नहीं बिठाना होता। अगर मुझे मौका मिलता है तो मुझे सिर्फ भारत की ओर से खेलने से आने वाले दबाव से निपटना होगा। मानसिक रूप से, यह निश्चित रूप से थोड़ा सा अलग होगा लेकिन मैं तैयार हूं।’ शुभमन को भारतीय टीम में शामिल होने की खबर मिली तो उनकी प्रतिक्रिया क्या थी, इस बारे में इस खिलाड़ी ने कहा, ‘देर रात यह खबर मिली। मेरे दिल की धड़कन तेज हो गई थी। मेसेज आने शुरू हो गए और मैं अपने पिता को बताने गया। यह मेरे लिये विशेष क्षण था।’ पंजाब के सीनियर प्लेयर युवराज सिंह और आईपीएल के कप्तान दिनेश कार्तिक शुरू में बधाई देने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। 23 जनवरी से शुरू होने वाले न्यू जीलैंड दौरे के लिए सस्पेंड लोकेश राहुल के स्थान पर उन्हें जगह मिली है। भारत का टॉप ऑर्डर इस समय संतुलित है लेकिन शुभमन को फिर भी न्यू जीलैंड के खिलाफ 5 वनडे और 3 टी20 में खेलने के मौका मिल सकता है। इस युवा क्रिकेटर ने कहा, ‘टीम में चुना जाना उम्मीद के विपरीत था, लेकिन मैं उन परिस्थितियों को समझता हूं जिसमें मुझे चुना गया है। मैंने दिमाग में लक्ष्य बना लिया है। मैं अभी तक जितने भी स्तर पर खेला हूं, मैंने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन इसने मुझे यह भरोसा भी दिया है कि मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतर कर सकता हूं।’