Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सचिन को गुस्सा होते देखा है लेकिन धोनी को नहीं : शास्त्री

मेलबर्न 
रवि शास्त्री ने सचिन तेंडुलकर को कई बार नाराज होते देखा है लेकिन महेंद्र सिंह धोनी को नहीं और भारत मुख्य कोच ने कहा कि ऐसा खिलाड़ी 40 साल में एक बार आता है और उसकी जगह लेना किसी के लिए मुमकिन नहीं है।सैंतीस बरस के धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 96 गेंद में 51 रन बनाए जबकि अगले दो वनडे में 55 और 87 रन की पारियां खेलीं। शास्त्री ने कहा , ‘वह लीजैंड है। वह हमारे महान क्रिकेटरों में से एक हैं। मैने किसी इंसान को इतना शांत नहीं देखा। मैने कई बार सचिन को नाराज होते देखा है लेकिन इसे नहीं।’ 

उन्होंने कहा कि धोनी की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा, ‘ऐसे खिलाड़ी 30 या 40 साल में एक बार आते हैं । मैं भारतीयों से यही कहता हूं। जब तक वह खेल रहा है, उसका मजा लो। वह संन्यास ले लेंगे तो ऐसा खालीपन पैदा होगा जिसे भरना मुश्किल होगा।’ उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋषभ पंत अपेक्षाओं पर खरे उतर सकेंगे लेकिन यह भी कहा कि धोनी की बात ही अलग है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने पूछा कि क्या पंत अगले 20 साल में धोनी बन सकते हैं, शास्त्री ने कहा, ‘मैं चाहूंगा। उसके पास प्रतिभा है। एम एस उसका हीरो है। वह रोज उसे फोन करता है। टेस्ट सीरीज के दौरान भी उसने एम एस से बात की होगी।’ अंतर्मुखी धोनी ने 2011 के बाद से किसी को इंटरव्यू नहीं दिया है। शास्त्री ने कहा, ‘वह जीरो पर आउट हो जाएं, शतक बनाएं, विश्व कप जीते या पहले दौर में बाहर हो जाएं, वह बदलते नहीं हैं। उनकी भाव भंगिमा एक सी रहती है और मैं इस पर हैरान हो जाता हूं। उसने 2011 के बाद से कोई इंटरव्यू नहीं दिया है।’