खेल डेस्क। मिशेल सेंटनर और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की शानदार गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (नाबाद 117) की शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने पहले वनडे मैच में बांग्लादेश को आठ विकेट से शिकस्त दी।मोहम्मद मिथुन के अर्धशतक की मदद से बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए 48.2 ओवर में 232 रन बनाए। इसके जवाब में मेजबान टीम ने 44.3 ओवर में दो विकेट पर 233 रन बनाकर इस सीरीज में जीत का खाता खोला।
सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने चोट के बाद शानदार वापसी करते हुए 116 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की सहायता से 117 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने पहले विकेट के लिए हेनरी निकोलस के साथ 103 रन की साझेदारी की कीवी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हेनरी निकोलस ने 80 गेंदों पर 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
वहीं रॉस टेलर ने भी नाबाद 45 रन की पारी खेली। कप्तान केन विलियम्सन ने 11 रन का योगदान दिया। मार्टिन गुप्टिल ने अपने वनडे करियर का 15वां शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। मार्टिन गुप्टिल चोट के कारण भारत के खिलाफ टी-20 शृंखला में नहीं खेल सके थे।
इससे पहले मोहम्मद मिथुन ने नाजुक समय में 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेल अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। एक समय मेहमान टीम ने 42 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए थे। मिथुन ने अपने वनडे करियर की तीसरी अर्धशतकीय पारी के दौरान 90 गेंद खेली। वहीं मोहम्मद सैफुद्दीन ने 41 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से स्पिनर मिशेल सेंटनर और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।