खेल डेस्क। भारतीय महिला टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए दूसरे टी-20 मैच की आखिरी गेंद पर हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही कीवी टीम ने तीन मैचों की इस शृंखला पर 2-1 से कब्जा कर लिया है। भारतीय टीम को वेलिंगटन में खेले गए पहले मैच में भी हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज सुजी बेट्स (62) की अर्धशतकीय पारी की सहायता से अन्तिम ओवर में छह विकेट पर लक्ष्य हासिल किया। कीवी टीम को अन्तिम ओवर में जीत के लिए नौ रन की जरुरत थी। मान्सी जोशी के इस ओवर में न्यूजीलैंड ने लक्ष्य हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड की ओर से सुजी बेट्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 52 गेंदों का सामना किया। इसमें उन्होंने पांच चौके लगाए। वहीं कप्तान एई सटरथवेट ने 20 गेंदों पर 23 रन बनाए। भारत की ओर से पूनम पांडे और ए रेड्डी ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले भारतीय टीम की ओर से एक बार फिर से मध्यमक्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया। पहले मैच के समान ही इस मैच में भी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और जेमिमा रौद्रिगेज ही कीवी गेंदबाजों का सामना कर सकी। इनके अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका।
जेमिमा रौद्रिगेज ने टीम की ओर से अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 53 गेंदों पर 72 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं स्मृति मंधाना ने 27 गेंदों पर 36 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। पहले मैच में स्मृति मंधाना ने केवल 34 गेंदों पर ही 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी।