Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे कुलदीप

दुबई, 11 फरवरी (आईएएनएस)| भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव आईसीसी की सोमवार को जारी ताजा टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। यह कुलदीप की टी-20 में अभी तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। उन्होंने रविवार को हेमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे।

पहले स्थान पर अफगानिस्तान के राशिद खान कायम हैं। कुलदीप ने पाकिस्तान के शादाब खान को अपदस्थ किया है। पाकिस्तान के ही इमाद वसीम को पांच स्थान का फायदा हुआ है। न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी चार स्थान नीचे खिसक कर आठवें स्थान पर आ गए हैं। उनके हमवतन मिशेल सैंटनर चार स्थान आगे बढ़कर 10वें स्थान पर आ गए हैं।

टी-20 बल्लेबाजों की रैकिंग में भारत के रोहित शर्मा तीन स्थान आगे बढ़ते हुए सातवें स्थान पर आ गए हैं। उनके सलामी जोड़ीदार शिखर धवन एक स्थान आगे बढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं लोकेश राहुल को तीन स्थान का नुकसान हुआ है। वह अब 10वें स्थान पर आ गए हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम पहले स्थान पर कायम हैं।

टी-20 टीम रैंकिंग में पाकिस्तान पहले स्थान पर कायम हैं। वहीं भारत दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे स्थान से इंग्लैंड को हटा दिया है। इंग्लैंड अब चौथे स्थान पर है। चौथे स्थान पर काबिज आस्ट्रेलिया अब पांचवें स्थान पर आ गई है।

The post टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे कुलदीप appeared first on Sportzwiki.