खेल डेस्क। कृणाल पांड्या (28 रन पर तीन विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के बाद कप्तान रोहित शर्मा (50) की रिकॉर्ड अर्धशतकीय पारी की सहायता से भारत ने ऑकलैंड में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से शिकस्त देकर तीन मैचों की इस सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही रोहित भी तीन रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहे। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 158 रन बनाए।
इसके जवाब में भारत ने 18.5ओवरों में 3विकेट के नुकसान पर 162रन बनाकर इस सीरीज में पहली जीत दर्ज की। भारत की ओर से इस मैच में रोहित की अर्धशतकीय पारी के अलावा ऋषभ पंत ने नाबाद 40, शिखर धवन ने 30, विजय शंकर ने 14 और महेन्द्र सिंह धोनी ने नाबाद 20 रन का योगदान दिया। रोहित ने अपनी पारी में 29 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और चार छक्के लगाए।
मैच में टीम इंडिया की जीत के साथ ही रोहित शर्मा ने कप्तानी के मामले भी विराट कोहली की बराबरी की। विराट ने अब तक टीम इंडिया को 20 टी-20 मैचों में से 12 मैचों में जीत दिलाई। वहीं रोहित शर्मा अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को 14 में से 12 टी-20 मैचों में जीत दिला चुके हैं।
रोहित शर्मा इस मुकाबले में 35 रन बनाते ही टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उन्होंने कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा, जो इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। गुप्टिल ने 76 टी-20 मैचों में 2272 रन बनाए हैं। वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 92 मैचों में 2288 रन चुके हैं। इसके साथ ही रोहित टी-20 में छक्कों का शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
इस मैच में रोहित के पास क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाने का मौका था, लेकिन वह दो छक्कों से ही यह रिकॉर्ड भी अपने नाम करने से चूक गए। रोहित के अभी तक टी-20 में 102 छक्के हो गए हैं। जबकि गुप्टिल और क्रिस गेल ने एक समान 103 छक्के लगाए हैं।
मैच में कीवी टीम की ओर से कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 28 गेंदों में चार छक्कों और एक चौके की मदद से 50 और रॉस टेलर ने 36 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 42 रन बनाए। इनके अलावा कीवी टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी टीम को बड़ा योगदान नहीं दे सका। भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज कृणाल पांड्या रहे। जिन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। वहीं तेज गेंदबाज, खलील अहमद ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या को एक-एक विकेट मिला।