खेल डेस्क। विश्व के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने अन्तरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने की घोषणा कर दी है। वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल 30 मई से इंग्लैंड और वेल्स में खेले जाने वाले विश्व कप के बाद वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। इस बात की जानकारी वेस्टइंडीज क्रिकेट ने दी है।
वेस्टइंडीज की ओर से एक दिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले क्रिस गेल ने अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से 284 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 9,727 रन बनाए हैं।यह 39 वर्षीय ओपनर बल्लेबाज विंडीज की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में पहले स्थान पर महान बल्लेबाज ब्रायन लारा हैं।
क्रिस गेल के पास विश्व कप के दौरान दस हजार रन पूरे करने का मौका होगा। उन्हें ये उपलब्धि हासिल करने के लिए केवल 273 रनों की आवश्यकता है। गेल ने 284 वनडे मैचों में 23 शतक और 49 अर्धशतक लगाए हैं। वह वेस्टइंडीज की ओर से एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। उन्होंने ये उपलब्धि 2015 के विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन बनाकर हासिल की थी।
क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज को कई मैचों में अपनी गेंदबाजी से भी जीत दिलाई है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 165 विकेट भी हासिल किए हैं। 46 रन पर 5 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है। उनके नाम अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से सर्वाधिक कैच लेने का कार्ल हूपर और ब्रायन लारा के साथ संयुक्त रुप से रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने वनडे 120 कैच लिए हैं।