इंटरनेट डेस्क। रविवार को भारत और कंगारू टीम के बीच विशाखापट्नम में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंतिम गेंद तक चले इस मुकाबलें को कंगारू टीम ने जीता है। इसी के साथ कंगारू टीम ने दो टी20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
कंगारू टीम को अंतिम ओवर में 14 रनों की आवश्यकता थी और अंतिम ओवर तेज गेंदबाज उमेश यादव को डालना था। उमेश यादव अंतिम ओवर में सटीक गेंदबाजी नहीं कर पाएं और भारत के हाथ से ये मैच निकल गया। हालांकि उमेश यादव से पहले जसप्रीत बुमराह ने ओवर डाला और टीम इंडिया के जीतने का आधार खड़ा किया। बुमराह ने 19वें ओवर में मात्र 2 रन खर्च किए और भारत की मैच में वापसी कराई।
इसके बाद उमेश यादव को अंतिम ओवर में 14 रन का बचाव करके आस्ट्रेलिया को 127 रन के लक्ष्य तक पहुंचने से रोकना था। लेकिन यादव सफल नहीं हो पाएं और टीम इंडिया 3 विकेट से ये मैच हार गई। मैच हारने के बाद यादव को आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने आलोचनाओं से घिरे उमेश यादव का बचाव करते हुए कहा कि कोई दिन ऐसा भी होता है जब अंतिम ओवर में गेंदबाजी की रणनीति कारगर नहीं हो पाती। किसी भी हालात में अंतिम ओवर में गेंदबाजी करना हमेशा मुश्किल होता है। यह दोनों तरफ जा सकता है और कभी कभार तो इसमें आधी-आधी संभावनायें ही होती हैं। आपको बता दें कि भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 126 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी कंगारू टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर ये मैच जीत लिया।