खेल डेस्क। तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल की रिकॉडों से भरी पारी के बावजूद वेस्टइंडीज को चौथे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 29 रन से हार का सामना करना पड़ा।इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जोस बटलर (150) और कप्तान इयोन मोर्गन (103) की शतकीय पारियों की सहायता से निर्धारत ओवरों में छह विकेट पर 418 रन बनाए।
इसके जवाब में क्रिस गेल (162) की तूफानी पारी के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम 48 ओवर में 389 रन पर ही ढेर हो गई। भले ही गेल इस पारी के माध्यम से अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके हो, लेकिन उन्होंने इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। गेल ने 97 गेंदों पर खेली गई इस पारी की सहायता से अपने वनडे करियर के दस हजार रन भी पूरे किए। गेल ने अपने 288वें वनडे मैच में ये उपलब्धि अपने नाम की।
इस पारी में उन्होंने 14 छक्के और 11 चौके लगाए। इसके साथ ही गेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 500 छक्के भी पूरे करने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।वहीं उन्होंने एक वनडे सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही इस सीरीज में वह अबतक 30 छक्के लगा चुके हैं। इससे पहले उन्होंने 2015 क्रिकेट विश्व कप में 26 छक्के लगाए थे।
इसके साथ ही उन्होंने एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक छक्के लगाने का भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 66 छक्के लगाए हैं। गेल ने एक दिवसीय क्रिकेट में भी 300 छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल कर ली है।