Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

लक्ष्य का पीछा करते हुए धोनी को देखकर काफी कुछ सीखा: विजय शंकर

चेन्नै
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावा पेश करने वाले विजय शंकर को लगता है कि ऑस्ट्रेलिया और न्यू जीलैंड दौरे की उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि महेंद्र सिंह धोनी से लक्ष्य का पीछा करने की कला सीखना है। शंकर ने न्यू जीलैंड दौरे के दौरान बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया और वह धोनी की तरह मैच फिनिश करना चाहते हैं। सोमवार को स्वदेश लौटे शंकर ने कहा, 'मैं सीनियर खिलाड़ियों का साथ पाकर खुश था। उन्हें केवल मैच की तैयारियां करते हुए देखना ही सीख है। धोनी को लक्ष्य का पीछा करते हुए देखकर मैंने काफी कुछ सीखा। मैंने विशेषकर लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी को कैसे आगे बढ़ाना है, इसको लेकर काफी कुछ सीखा। मैंने उनकी मानसिकता से सीख ली।'

इस युवा ऑलराउंडर ने कहा कि धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए सपने जैसा था। शंकर ने कहा, 'विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना बहुत अच्छा अनुभव रहा। टीम के सीनियर को देखना और उनसे सीखना महत्वपूर्ण है।' शंकर ने न्यू जीलैंड के खिलाफ आखिरी T20 मैच में तीसरे नंबर पर उतारे जाने पर हैरानी जताई थी लेकिन उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन ने सीरीज शुरू होने से पहले उन्हें इस बारे में बताया था। उन्होंने कहा, 'मैं हैरान था लेकिन साथ ही खुश भी था कि मुझे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया है। मुझे सीरीज शुरू होने से पहले बताया गया था कि मुझे वन डाउन पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जा सकता है। टी20 में आपके पास क्रीज पर पांव जमाने के लिए पर्याप्त समय नहीं होता और आपका दृष्टिकोण सकारात्मक होना चाहिए।' शंकर को निराशा है कि वह तीसरे टी20 में टीम को जीत नहीं दिला पाए। उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि मुझे कुछ और रन बनाने चाहिए थे। इसके अलावा तीसरे वनडे में टीम को जीत नहीं दिला पाने पर मुझे निराशा हुई। मेरे पास मौका था। यह मेरे लिए सीखने का अच्छा अवसर था। मुझे तेजी से सीखने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है।'