खेल डेस्क। भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज के वेलिंगटन में रविवार को खेले गए अन्तिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 35 रन से शिकस्त दी। इस मैच में हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने एक बात के लिए अफसोस व्यक्त किया है। विलियम्सन ने पांचवां मैच गंवाने के बाद कहा कि इस मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज रोस टेलर के पगबाधा आउट होने के बाद डीआरएस नहीं लेने का उन्हें अफसोस है।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को जीत के लिए 253 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की पारी के 11वें ओवर में भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने रोस टेलर को पगबाधा आउट कर दिया था। गेंद कीवी टीम के पूर्व कप्तान रोस टेलर के घुटने के ऊपर लगी थी और मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इसके बाद रोस टेलर दूसरे छोर पर खड़े कप्तान विलियम्सन से बात करने के बाद पवेलियन लौट गए।
हालांकि टीवी रिप्ले में देखा गया कि गेंद विकेट के ऊपर से जा रही थी। अगर इस दौरान कीवी टीम डीआएस ले लेती तो उसे रोस टेलर का विकेट नहीं गंवाना पड़ता। टेलर इस सीरीज में शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे।
कीवी कप्तान ने इस मुकाबले के बाद कहा कि मुझे इसके बारे मे शीघ्र ही पता चल गया और यह काफी निराशाजनक था। दिग्गज बल्लेबाज रोस टेलर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे ऐसे में जब आपको अपनी गलती का एहसास होता है तो दिल दुखता है। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से हराया है। भारत ने पहली बार कीवी धरती पर इस प्रकार का प्रदर्शन किया है।