Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पेसर स्टेन की शानदार गेंदबाजी, साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी

डरबन
तेज गेंदबाज डेल स्टेन के 4 विकेट की बदौलत साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को यहां श्री लंका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 44 रन की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद मेजबान टीम ने दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 126 रन बनाए जिससे उसकी कुल बढ़त 170 रन की हो गई है। कप्तान फाफ डु प्लेसिस 25 जबकि क्विंटन डि कॉक 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

इससे पहले श्री लंका की टीम स्टेन (48 रन पर 4 विकेट), वर्नोन फिलैंडर (32 रन पर 2 विकेट) और कागिसो रबाडा (48 रन पर 2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 191 रन पर सिमट गई। स्टेन हालांकि 27वीं बार पारी में 5 विकेट लेने से महरूम रह गए जब लंच के बाद डीन एल्गर ने गली में कासुन रजिता का आसान कैच टपकाया। स्टेन के कुल टेस्ट विकेटों की संख्या 437 हो गई है। वह भारत के कपिल देव (434 विकेट) को पीछे छोड़कर सर्वाधिक टेस्ट विकेट की सर्वकालिक सूची में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर पहुंच गए।

श्री लंका की ओर से शीर्ष स्कोर कुसल परेरा रहे जिन्होंने 63 गेंद में 51 रन की आक्रामक पारी खेली। उनकी पारी का अंत स्टेन ने किया। लसिथ एमबुलदेनिया और रजिता ने इसके बाद 9वें विकेट के लिए 32 रन जोड़े। ऐडन मार्कराम ने रजिता को रन आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। टेस्ट पदार्पण कर रहे एमबुलदेनिया को कई बार गेंद लगी और वह 24 रन बनाकर आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे।

स्टेन और फिलैंडर ने सुबह साउथ अफ्रीका को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले 10 ओवर में 3 विकेट चटकाए जिसके बाद डुआन ओलिवर और रबाडा ने भी 1-1 विकेट हासिल किया। आसमान में छाए बादलों के बीच स्टेन ने तीसरे ओवर मे ओहादा फर्नांडो (19) को पगबाधा किया। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने से सलाह के बाद फर्नांडो ने डीआरएस नहीं लेने का फैसला किया जबकि रीप्ले मे दिखा कि गेंद स्टंप से नहीं टकरा रही थी।

फिलैंडर ने अगले ओवर में करुणारत्ने (30) को पगबाधा किया और फिर कुसाल मेंडिस (12) को दूसरी स्लिप में कैच कराया। ओलिवर ने अपनी दिन की दूसरी ही गेंद पर निरोशन डिकवेला (08) को थर्ड मैन पर कैच कराके पवेलियन भेजा। कुसाल परेरा और धनंजय डिसिल्वा ने छठे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी की लेकिन डी सिल्वा 23 रन बनाने के बाद लंच के पहले के आखिरी ओवर में रबादा की गेंद पर फाइन लेग पर कैच दे बैठे।