Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईपीएल-12 : आज मुंबई से भिड़ेगी पंजाब

मोहाली, 30 मार्च: किंग्स इलेवन पंजाब की टीम शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें सीजन के अहम मुकाबले में यहां आईएस बिंद्रा स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।

टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में मांकडिंग विवाद की छाया में राजस्थान को हराने वाली पंजाब की टीम को दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों 28 रन की हार का सामना करना पड़ा था।

किंग्स इलेवन पंजाब के लिए शुरूआती दोनों मैच उतार-चढ़ाव से भरे रहे। पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर को मांकडिंग करने के लिए कप्तान रविचंद्रन अश्विन की आलोचना हुई।

दूसरे मैच में कोलकाता के खिलाफ 30 गज के घेरे के अंदर चार खिलाड़ी नहीं रखने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा, जिससे आंद्रे रसेल के आउट होने के बाद उस गेंद को नोबाल करार दिया गया और रसेल ने 17 गेंदों पर 48 रन की तूफानी पारी खेल कर मैच का रुख पलट दिया।

हालांकि कप्तान अश्विन अब पिछले विवादों को भूल कर मैदान में विजयी शुरूआत करना चाहेंगे।

टीम के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने राजस्थान के खिलाफ 47 गेंद में 79 रन बनाकर फार्म में होने का संकेत दिया तो वहीं इस मैच में युवा सरफराज खान ने 29 गेंद में नाबाद 46 रन की पारी खेली थी।

टीम के लिए हालांकि सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की फार्म चिंता का सबब है जो दो मैच में अब तब सिर्फ पांच रन ही बना सके हैं।

दूसरी ओर अपने पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को छह रन से हराने वाली मुंबई इंडियंस जीत की लय कायम रखना चाहेगी।

टीम ने बेंगलोर के खिलाफ आठ विकेट पर 187 रन का स्कोर बनाया था और फिर उसने बेंगलोर को पांच विकेट पर 181 रन पर रोक दिया था।

टीम की इस जीत का श्रेय हार्दिक पांड्या (14 गेदों पर 32 रन) और जसप्रीत बुमराह (चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट) को जाता हैं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करके टीम को पहली जीत दिलाई।

सीजन के पहले मैच में 53 रन की पारी खेलने वाले युवराज सिंह यहां अपने घरेलू मैदान में एक बार फिर बल्ले से कमाल करना चाहेंगे।

हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि पिछले मैच में मुंबई की जीत में अंपायर के फैसले ने भी भूमिका निभाई थी। बेंगलोर को अंतिम गेंद पर जीत के लिए सात रन बनाने थे और लसिथ मलिंगा ने अंतिम गेंद नो-बॉल फेंक दी थी। लेकिन अंपायर ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

टीमें :

पंजाब : लोकेश राहुल, क्रिस गेल, एंड्रयू टाई, मयंक अग्रवाल, अंकित राजपूत, मुजीब उर रहमान, करुण नायर, डेविड मिलर, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), मोइसिस हेनरिक्स, निकोलस पूरन, वरुण चक्रवर्ती, सैम कुरेन, मोहम्मद शमी, सरफराज खान, हरडस विलोजेन, अर्शदीप सिंह, दर्शन नालकंडे, प्रभसिमरन सिंह, अग्निवेश अयाची, हरप्रीत बराड़ और मुरुगन अश्विन।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, युवराज सिंह, क्रुणाल पांड्या, इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, मयंक मारकंडे, राहुल चहर, अनुकृति रॉय, सिद्धेश लाड, आदित्य तारे, क्विंटन डीकॉक, एविन लुईस, कीरोन पोलार्ड, बेन कटिंग, मिशेल मैकक्लेनेघन, एडम मिल्ने, जेसन बेहरेनडॉर्फ, अनमोलप्रीत सिंह, बरिंदर शरण, पंकज जायसवाल, रसिख सलाम, जसप्रीत बुमराह। 

The post आईपीएल-12 : आज मुंबई से भिड़ेगी पंजाब appeared first on Sportzwiki.