खेल डेस्क। हरभजन सिंह (20 रन पर तीन विकेट )और इमरान ताहिर (नौ रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की मदद से इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन के उद्धाटन मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को सात विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले खेलते हुए 17.1 ओवर में केवल 70 रन पर ही ढेर हो गई। इसके जवाब में चेन्नई ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 71 रन बना जीत हासिल की।
इस मुकाबले में चेन्नई के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह आईपीएल में पांच हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मैच में 15 रन बनाते ही यह उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवा ली है। उनके आईपीएल में अब 173 पारियां में 34.27 की औसत से 5004 रन हो गए हैं।
वहीं इस मुकाबले में विराट कोहली के पास भी पांच हजार रन पूरे करने का मौका था, लेकिन वह इस मैच में यह उपलब्धि हासिल करने में असफल रहे।
इस सूची में दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान विराट कोहली हैं। वह 164 आईपीएल मैचों की 156 पारियों में 4954 रन बना चुके हैं। इस दौरान वह 4 शतक और 34 अर्धशतक लगा चुके हैं।
इस सूची में तीसरे स्थान पर मुम्बई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा है। रोहित शर्मा 173 मैचों की 168 पारियों में 4493 रन बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 109 रन रहा है।