खेल डेस्क। भले ही आईपीएल के 12वें संस्करण के अपने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच के लिए मैदान पर उतरने के साथ ही भुवनेश्वर कुमार ने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।
इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने केन विलियम्सन की अनुपस्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की। इसके साथ ही वह आईपीएल में सौ से अधिक मैच खेलने के बाद किसी टीम की कप्तानी करवाने दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में 103 मैच खेलने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की है।
इस मामले में रिकॉर्ड भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचन्द्र अश्विन के नाम दर्ज है। रविचंद्रन अश्विन ने पिछले साल आईपीएल में 111 मैच खेलने के बाद किंगस इलेवन पंजाब की कप्तानी की थी। यह भुवनेश्वर के क्रिकेट करियर में दूसरा मौका आया जब उन्होंने अपनी टीम की कमान संभाली है।
इससे पहले भुवनेश्वर ने एक बार 2016-17 सत्र में मुंबई के खिलाफ उत्तरप्रदेश की कप्तानी की थी। आईपीएल में अधिक मैचों के बाद कप्तानी करने वाले खिलाडिय़ों की सूची में तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स के अजिंक्या रहाणे (97)हैं। इसके बाद मुरली विजय (92) और मुम्बई इंडियंस को तीन बार चैम्पियन बना चुके रोहित शर्मा (84) का नम्बर आता है।
इस मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड वार्नर (85 रन) की तूफानी अर्धशतकीय पारी की सहायता से तीन विकेट पर 181 रन बनाए। इसके जवाब में कोलकाता नाइटराइडर्स ने आंद्रे रसेल (49) की तूफानी पारी के दम पर 19.4 ओवर में चार विकेट पर 183 रन बनाकर टूर्नामेंट में जीत से आगाज किया।