खेल डेस्क। भारत के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (27 गेंदों पर नाबाद 78 रन) की तूफानी पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को 37 रन से शिकस्त देकर आईपीएल-12 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।
इस मुकाबले में अपनी तूफानी पारी के दम पर ऋषभ पंत ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। उन्होंने इस पारी के माध्यम से मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है। इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
धोनी ने 2012 के आईपीएल सीजन में 20 गेंदों में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाया था। पंत ने रविवार को खेले गए मुकाबले में केवल 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर धोनी के रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके साथ ही पंत दिल्ली की ओर से सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए।
आईपीएल 2016 के सत्र में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से क्रिस मॉरिस ने 17 गेंदों पर सबसे तेज अर्धशतक लगाया था। वहीं इससे पहले भारत के तूफानी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने इस टीम की ओर से साल 2012 में 20 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।
रविवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल निर्धारति 20 ओवर में छह विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह (53) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद मुंबई की टीम 19.2 ओवर में केवल 176 रन पर ढेर हो गई।