खेल डेस्क। कप्तान विराट कोहली के रिकॉर्ड शतक के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंउर विजय शंकर की डेथ ओवरों में की गई शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने नागपुर में खेले गए दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की शृंखला में 2-0 से बढ़त बनाई।
इन दिग्गज खिलाड़ियों के मास्टर प्लान में इस प्रकार फंस गए कंगारू...
इस मुकाबले में कप्तान विराट कोहली ने 120 गेंदों पर 116 रन की शतकीय पारी खेल मास्टर बलास्टर सचिन तेंदुलकर का एक विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था। यह विराट कोहली का एक दिवसीय क्रिकेट में 40वां शतक था। उन्होंने सबसे कम पारियों में 40 शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
विराट को इस उपलब्धि तक पहुंचने में वनडे करियर की 216 पारियां लगी। इससे पहले सचिन ने साल 2006 में अपनी 355वीं पारी में 40वां शतक लगाने की उपलब्धि दर्ज की थी। विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के मुकाबले 139 पारियां कम खेलकर यह उपलब्धि अपने नाम की।
इसके साथ ही विराट कोहली ने बतौर कप्तान अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 9000 रन पूरे करने का भी विश्व कीर्तिमान अपने नाम किया। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा। विराट ने ये उपलब्धि 159वीं पारी में हासिल की।
जबकि पोंटिंग को इसे हासिल करने के लिए 204 पारियां लगी थी। विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने के मामले में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। दोनों के अब इस देश के खिलाफ सात-सात शतक हो गए हैं।