खेल डेस्क। केपटाउन में गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के बाद पिछले आईपीएल में नहीं खेल सके ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (85) ने इस टूर्नामेंट में धमाकेदार वापसी की है।
इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण के अपने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 37वां अर्धशतक है।
इसके साथ ही वार्नर आईपीएल में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने बाएं हाथ के बल्लेबाज गौतम गंभीर को पीछे छोड़ा। गंभीर ने आईपीएल में 36 शतक लगाए हैं। हालांकि वार्नर इस टूर्नामेंट में शतक लगाने के मामले में विराट कोहली और शेन वाटसन की बराबरी करने से चूक गए।
उनकी इस पारी की सहायता से सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट पर 181 रन बनाए। डेविड वार्नर ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान केवल 53गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए।
उन्होंने पहले विकेट के लिए जे बेयरस्टो के साथ 118 रन की शतकीय साझेदारी की। बेयरस्टो ने भी अपनी 39 रन की पारी के दौरान 35 गेंदों पर रन बनाए। उन्होंने इस पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। विजय शंकर ने 24 गेंदों पर 40 रन का योगदान दिया। पठान ने 8 रन बनाए।
इससे पहले केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक ने अपने घरेलू मैदान पर टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। गौरतलब है कि डेविड वार्नर की कप्तानी में ही सनराइजर्स ने अपना एकमात्र आईपीएल खिताब 2016 में अपने नाम किया था। उन्होंने 2017 में टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाए थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स: क्रिस लिन, सुनील नारायण, रोबिन उथप्पा, शुभगम गिल, नीतिश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान और विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, एल फग्र्यूसन, पी कृष्णा।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर, जे बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, डी हुड्डा, शाकिब अल हसन, विजय शंकर, युसूफ पठान, आर खान, बी कुमार (कप्तान), संदीप शर्मा, एस कौल।