खेल डेस्क। भारतीय कप्तान विराट कोहली (116) के कॅरियर के 40वें शतक की सहायता से भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में खेले जा रहे दूसरे एकदिवसीय मैच में 48.2 ओवरों में 250 रन बनाए। विराट कोहली ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 120 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने दस चौके लगाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। रोहित को पैट कमिंस ने थर्डमैन पर एडम जम्पा के हाथों कैच कराया। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके। वह केवल 21 रन बनाने के बाद पवेलियन लौट गए।
अंबाती रायडू ने एक बार फिर से भारतीय टीम को निराश किया। इसके बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑलराउंडर विजय शंकर के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा। विजय शंकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। उन्होंने 41 गेंदों पर 45 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद दूसरे मैच के हीरो केदार जाधव और विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धोनी ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाएं। जाधव 11 और धोनी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
विराट (159 पारी )ने अपनी शतकीय पारी के दौरान बतौर कप्तान सबसे तेज नौ हजार रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का कीर्तिमान ध्वस्त किया। पोंटिंग ने 204 पारियों में ये उलपलब्धि अपने नाम की थी। विराट ने 107 गेंदों पर अपना 40वां शतक पूरा किया। एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज कमिंस रहे।