नई दिल्ली
वेस्टइंडीज ने शनिवार को वनडे सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में इंग्लैंड को करारी मात दी। वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया। पांचवें और आखिरी वनडे में वेस्टइंडीड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज का यह फैसला सही साबित हुआ और इंग्लैंड की पूरी टीम को 28.1 ओवर में महज 113 रनों पर ढेर कर दिया। इसमें इंडीज टीम के 22 वर्षीय युवा गेंदबाद का योगदान काफी रहा। ओसेन थॉमस ने अपनी रफ्तार के आगे पूरी इंग्लिश टीम को ध्वस्त कर दिया। ओसेन थॉमस ने 5.1 ओवर में 21 रन खर्च करते हुए इंग्लैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
ओसेन थॉमस ने झटके पांच विकेट
बता दें कि टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत अच्छी रही। कोटरेल ने 16 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। जॉनी ब्रिसटॉ को 11 रन के निजी स्कोर पर कोटरेल ने तीसरे ओवर में ही क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद चौथे ओवर की पहली बॉल पर ही जो रूट को एक रन के स्कोर पर हॉल्डर ने कोटरेल के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखा दी।
एलेक्स हैल्स ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन 57 के स्कोर पर ब्रेथवेट की गेंद पर शाई को कैच थमा बैठे और 23 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद से पूरी टीम आया राम-गया राम की तरह धराशाई हो गई। ओसेन थॉमसे की धारदार गेंदबाजी के आगे पूरी इंग्लैंड की टीम ने सरेंडर कर दिया। थॉमस ने मॉर्गन (18), बटलर (23), मोईन अली (12), क्रिस वॉक्स (0) और टॉम कुरुन (0) को पवेलियन की राह दिखाई। इंग्लैंड की पूरी टीम महज 28.1 ओवर में 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
13 वें ओवर में ही वेस्टइंडीज ने जीता मैच
बता दें कि 113 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 12.1 ओवर में ही इंग्लैंड को सात विकेट से मात दे दी। तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल ने विस्फोटक पारी खेलते हुए महज 27 गेंदों में 77 रन बनाकर इंग्लैंड के मनसूबों पर पानी फेर दिया। गेल ने अपनी पारी में 9 छक्के जबकि 5 चौके लगाए। गेल 77 रन के स्कोर निजी स्कोर पर मार्क उड की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद से वेस्टइंडीज ने ओर दो विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। बता दें कि पांच वनडे मैचों की यह सीरीज 2-2 से ड्रा रही।