खेल डेस्क। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम जब आज दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अन्तिम मैच में उतरेगी तो उसका लक्ष्य पांच मैचों की इस सीरीज पर कब्जा करने का होगा। अभी दोनों ही टीमें 2-2 की बराबरी पर है।
वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास भी तीन बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का मौका होगा। अगर वह इस मुकाबले में 46 रन बना लेंगे तो वह एक दिवसीय क्रिकेट में आठ हजार रन बनाने वाले आठवेंभारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वह पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग को भी रनों के मामले में पीछे छोड़ देंगे।
रोहित शर्मा अभी तक 205 मैचों की 199 पारियों में 7954 रन बना चुके हैं। वीरेन्द्र सहवाग ने 241 ने 235 पारियों में 7995 बनाए थे। अभी तक भारतीय टीम की ओर से युवराज सिंह, मोहम्मद अजहरूद्दीन, महेन्द्र सिंह धोनी, राहुल द्रविड़, विराट कोहली, सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर ही आठ हजार से अधिक रन बना सके हैं।
अगर इस मुकाबले में रोहित शर्मा शतक लगा देते हैं तो वह इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। अभी तक गांगुली और रोहित शर्मा के एक समान 22-22 शतक हैं।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडु, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, रवीन्द्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, ऋषभ पंत।
ऑस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंडसकांब, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एशटन टर्नर, झाय रिचर्डसन, एडम जंपा, एंड्रयू टाय, पैट कमिन्स, नाथन कूल्टर नाइल, एलेक्स कैरी, नाथन लियोन, जैसन बेहरेनडोर्फ।