खेल डेस्क। केदार जाधव (नाबाद 81) और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 59) के शानदार अर्धशतकों की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में छह विकेट से शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 236 रन ही बना सकी। इन तीनों ही गेंदबाजों ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
इसके जवाब में केदार जाधव और महेंद्र सिंह धोनी की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की सहायता से भारत ने 48.2 ओवर में चार विकेट पर 240 रन बनाकर जीत हासिल की। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने 49वें ओवर में लगातार दो चौके मार कर अपनी टीम को जीत दिलाई। मैन ऑफ द मैच केदार जाधव और धोनी ने पांचवें विकेट के लिए 141 रन की मैच विजयी अविजित साझेदारी की। ]
जाधव ने अपनी पारी में 87 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया। वहीं महेन्द्र सिंह धोनी ने 72 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी 45 गेंदों पर 44 रन में छह चौके और एक छक्का लगाया। जबकि सलामी बल्लेबाज रोहित ने 66 गेंदों पर 37 रन बनाए।
इससे पहले कंगारू टीम की ओर से उस्मान ख्वाजा ने 76 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 50 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने 51 गेंदों में 40 रन बनाए। जबकि मार्कस स्टाइनिस ने 37, पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 19, एश्टन टर्नर ने 21 रन, एलेक्स कैरी ने नाबाद 36 और नाथन कोल्टर नाइल ने 28 रन का योगदान दिया।