Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अपने करियर के दूसरे ही टेस्ट मैच में अफगानिस्तान ने रच दिया ये इतिहास

खेल डेस्क। भारत के खिलाफ अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाली अफगानिस्तान ने केवल दूसरे मैच में ही क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में जीत हासिल कर ली है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने आयरलैंड को एकमात्र टेस्ट मैच के चौथे दिन सात विकेट से शिकस्त देकर इतिहास रच दिया है।

असगर अफगान की कप्तानी में अफगानिस्तान ने नौ महीने पहले भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इस मुकाबले में उसे करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। अफगानिस्तान को आयरलैंड के खिलाफ मैच को जीतने के लिए 147 रन का लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य को उसने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया है।

उसकी ओर से रहमत शाह (76) और एहसानुल्लाह जन्नत (नाबाद 65) ने अर्धशतकीय पारियां खेली। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी निभाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शाह ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 122 गेंदों का सामना किया। वहीं जन्नत ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 129 गेंद खेली। हशमतुल्लाह शाहिदी ने अपनी पहली गेंद पर चौका लगाकर अफगानिस्तान को जीत दिलाई। रहमत शाह पहली पारी में केवल दो रन से ही शतक बनाने से चूक गए थे।

आयरलैंड पहले दिन ही 172 रन पर आउट हो गई थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने पहली पारी में 314 रन बनाकर विरोधी टीम पर बड़ी बढ़त हासिल की। आयरलैंड ने दूसरी पारी में 288 रन बनाए। इससे अफगानिस्तान को 147 रन का लक्ष्य मिला। रहमत शाह को दोनों ही पारियों में अर्धशतकीय पारियां खेलने के कारण मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।