Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मेक्सिको ओपन: किर्गियोस ने वावरिंका को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

अकापुलको (मेक्सिको)
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी निक किर्गियोस ने स्विट्जरलैंड के स्टैनिसलास वावरिंका पर शानदार जीत से मेक्सिको ओपन के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। किर्गियोस ने एक दिन पहले 17 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता राफेल नडाल पर नाटकीय जीत दर्ज की थी। उन्होंने गुरुवार को वावरिंका पर 7-5, 6-7, 6-4 से जीत हासिल कर अंतिम-4 में प्रवेश किया। अब फाइनल में पहुंचने के लिए उनका सामना तीसरे वरीय जॉन इस्नर और आठवीं वरीयता प्राप्त जॉन मिलमैन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। 

वहीं, दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जैंडर ज्वेरेव ने ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिनौर पर 6-4, 6-4 की जीत से लगातार दूसरे साल सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनका सामना ब्रिटेन के कैमरन नौरी से होगा जिन्होंने अमेरिका के मैकेंजी मैकडॉनल्ड को 6-3, 6-2 से मात दी। महिलाओं के वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की सोफिया केनिन ने दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका को 6-4, 4-6, 7-5 से शिकस्त दी। तीसरी वरीय क्रोएशिया के डोना वेकिच ने भी अगले दौर में प्रवेश किया जिन्होंने आठवीं वरीय ब्रिटेन की जोहाना कोंता को 6-3, 7-5 से पराजित किया।