Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कैपिटल्स के लिए फैन बेस बहुत जरूरी : सीईओ

नई दिल्ली, 19 मार्च: आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (पहले दिल्ली डेयरडेविल्स) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज मल्होत्रा का मानना है कि इस टीम के लिए सबसे जरूरी चीज फैन बेस तैयार करना है और साथ ही साथ उसे अपने प्रशंसकों का विश्वास भी जीतना होगा। आगामी सीजन को लेकर धीरज ने कहा कि दिल्ली जैसे शहर में किसी भी टीम के लिए फैन बेस बनाना बहुत कठिन है लेकिन क्रिकेट ऐसा खेल है, जिसके माध्यम से एक टीम अपने प्रशंसकों से जुड़ सकती है और नए सीजन में कैपिटल्स का लक्ष्य फैन बेस तैयार करना होगा।

धीरज ने कहा, “नए नाम के साथ हमारा यह पहला सीजन है और हमारे लिए एक बड़ा फैन बेस बनाना जरूरी है। हालांकि दिल्ली का जो मिजाज है, उसके आधार पर फैन बेस बनाना कठिन है लेकिन क्रिकेट ऐसा खेल है, जिसे माध्यम बनाकर इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसके लिए हालांकि टीम को अच्छा खेलना होगा। इस सीजन में हम अपने अच्छे प्रदर्शन, फैन बेस और तालिका में उच्च स्थान का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”

कैपिटल्स ने इस साल अपने साथ शिखर धवन को जोड़ा है, जो खुद भी दिल्ली के हैं लेकिन फ्रेंचाइजी ने शिखर को कप्तान नहीं बनाया है। इसे लेकर धीरज ने कहा, “धवन कप्तानी को लेकर इच्छुक नहीं थे। वह अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहते हैं। वह श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खेलकर खुश हैं।”

धीरज ने कहा कि क्लब चाहता है कि इस साल उसके स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम के लिए अधिक से अधिक मैच जीतें। बकौल धीरज, “पंत एक शानदार प्रतिभा हैं। हमें आशा है कि वह इस सीजन में हमारे लिए अधिक से अधिक मैच जीतेंगे। उनके अंदर प्रतिभा है लेकिन संयम की कमी है लेकिन टीम प्रबंधन इसे लेकर उनके साथ काम कर रहा है।”

कैपिटल्स को अपना पहला मैच 24 मार्च को मुम्बई में मुम्बई इंडियंस के साथ खेलना है। आईपीएल के 12वें संस्करण की शुरुआत 23 मार्च से हो रही है।

The post कैपिटल्स के लिए फैन बेस बहुत जरूरी : सीईओ appeared first on Sportzwiki.