खेल डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए पहले एक दिवसीय मैच में अर्धशतकीय पारी खेल टीम इंडिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इस मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने 59 रन की पारी खेली। उन्होंने केदार जाधव के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 141 रनों की नाबाद साझेदारी कर भारतीय टीम को 49वें ओवर में आसान जीत दिलाई। मैन ऑफ द मैच केदार जाधव ने नाबाद 81 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
अपनी पारी के दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज धोनी ने एक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली। इस पारी के दौरान महेन्द्र सिंह धोनी ने लिस्ट ए क्रिकेट में 13000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही धोनी, सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली और राहुल द्रविड़ जैसे स्टार खिलाडिय़ों की सूची में शामिल हो गए हैं।
इससे पहले भारतीय क्रिकेट की त्रिमूर्ति ये उपलब्धि हासिल कर चुकी है। महेन्द्र सिंह धोनी के 412 लिस्ट ए क्रिकेट मैचों में 13054 रन हो गए हैं। इससे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 551 लिस्ट ए मैचों में 21999 रन बनाए थे। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने 437 मैचों में 15622 और भारतीय दीवार के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ ने 449 मैचों में 15271 रन बनाए थे।
इस सूची में मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली पांचवें नंबर पर हैं। कोहली ने 257 लिस्ट ए मैचों ने 12019 रन बनाए हैं। वैसे लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच के नाम हैं। गूच के नाम 581 लिस्ट ए मैचों में 22211 रन बना बनाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है।