खेल डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे शृंखला का निर्णायक मुकाबला बुधवार को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला जाएगा।पिछले चार मैचों में विश्व कप के लिए टीम संयोजन के समीकरण बनने के बजाय बिगडऩे के बाद अब विराट कोहली की कप्तानी भारतीय टीम अंतिम वनडे मैच में सीरीज जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।
भारतीय टीम इस मैच में पिछले तीन वर्षों के अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने का पूरा प्रयास करेगी। टीम इंडिया ने पिछले तीन वर्ष में जो 13 द्विपक्षीय शृंखलाएं खेली हैं उनमें से 12 में उसने जीत दर्ज की है।
भारतीय टीम के पास इंग्लैंड में 30 मई से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले अपनी गलतियों को सुधारने का ये अन्तिम मौका होगा। मोहाली में खेले गए पिछले मैच में भारतीय टीम को 350 रन से अधिक का स्कोर बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था।
इसका प्रमुख कारण खराब क्षेत्ररक्षण रहा है। ऋषभ पंत पहली बार अपने घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगे। दिल्ली का ये क्रिकेटर इसे यादगार बनाकर पिछले मैच में विकेटकीपर के तौर पर की गई गलतियों को सुधारना चाहेगा। इस मैच में पंत ने खराब विकेटकीपिंग की थी।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडु, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, रवीन्द्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, ऋषभ पंत।
ऑस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंडसकांब, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एशटन टर्नर, जॉय रिचर्डसन, एडम जंपा, एंड्रयू टाय, पैट कमिन्स, नाथन कूल्टर नाइल, एलेक्स कैरी, नाथन लियोन, जैसन बेहरेनडोर्फ।