Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

जामथा में ऑस्ट्रेलिया से हमेशा जीती है भारतीय टीम

नागपुर
जामथा का विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब भाग्यशाली रहा है और इन दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर अब तक जो 3 वनडे मैच खेले गए हैं, उन सभी में भारतीय टीम विजयी रही है। भारत ने यहां पहला मैच 28 अक्टूबर 2009 को खेला था जो कि वीसीए स्टेडियम में पहला मैच भी था। भारत ने तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की 107 गेंदों पर 124 रन की पारी से यह मैच 99 रन के बड़े अंतर से जीता था।धोनी की पारी से तब भारत ने 7 विकेट पर 354 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर ऑस्ट्रेलिया को 255 रन पर आउट कर दिया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस मैदान पर दूसरा मैच 30 अक्टूबर 2013 को खेला गया। मेहमान ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 350 रन बनाए लेकिन भारत ने तब भी यह मैच 6 विकेट से जीता था। ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन कप्तान जॉर्ज बैली (156) और शेन वॉटसन (102) ने शतक लगाए थे जिससे उसने विशाल स्कोर खड़ा किया। 

भारत ने शिखर धवन (100) और विराट कोहली (115*) के शतकों की मदद से 3 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर दिया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच यहां एक अक्टूबर 2017 को मैच खेला गया जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 242 रन ही बना पाई। भारत ने रोहित शर्मा (125) और अंजिक्य रहाणे (61) की पारियों से 42.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर हालांकि विश्व कप में 25 फरवरी 2011 को न्यू जीलैंड को 7 विकेट से हराया था।