Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

इरफान तोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ करने वाले पहले भारतीय ऐथलीट बने

नई दिल्ली
राष्ट्रीय रेकॉर्डधारी केटी इरफान जापान के नोमी में रविवार को एशियाई पैदल चाल चैंपियनशिप के 20 किलोमीटर स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहते हुए तोक्यो ओलिंपिक का टिकट हासिल करने वाले पहले भारतीय ऐथलीट बने। इरफान ने एक घंटे 20 मिनट और 57 सेकंड का समय लिया, जबकि तोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफिकेशन मार्क एक घंटे और 21 मिनट था। 

ऐथलेटिक्स में इरफान के अलावा अभी किसी अन्य भारतीय ने 2020 ओलंपिक का टिकट हासिल नहीं किया है। इरफान ने इसके साथ ही कतर के दोहा में होने वाले विश्व चैंपियनशिप (27 सितंबर से छह अक्टूबर) के लिए भी क्वॉलिफाइ कर लिया। इसके लिए क्वॉलिफाइंग मार्क एक घंटा 22 मिनट और 30 सेकंड था। इरफान के अलावा देवेंद्र सिंह और गणपति कृष्णन ने भी क्रमश: एक घंटा 21 मिनट और 22 सेकंड तथा एक घंटा 22 मिनट और 12 सेकंड के समय के साथ विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वॉलिफाइ किया। महिलाओं के 20 किलोमीटर पैदल चाल में सौम्या देवी एक घंटा 36 मिनट और आठ सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं लेकिन वह ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाई नहीं कर सकी।