खेल डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे शृंखला का चौथा मैच आज मोहाली में खेला जाएगा। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया आईएस बिंद्रा स्टेडियम में कंगारू टीम के खिलाफ चौथा वनडे जीत पिछली हार का बदला चुकता करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।
इस मैच में सभी की नजर भारत के युवा विकेटीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर होगी, जो महेन्द्र सिंह धोनी के स्थान पर विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे। वैसे इस मैच में भारतीय टीम में कई परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। इस बात के संकेत कप्तान विराट कोहली ने भी दिए हैं।
इंग्लैंड में मई में होने वाले विश्वकप से पहले ओपनिंग क्रम का लगातार फ्लॉप होना भारतीय टीम के लिए सिरदर्दी बनकर उभर रहा है। इस सीरीज में रोहित शर्मा और शिखर धवन की ओपनिंग जोड़ी ने लगातार निराश किया है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में कुछेक बदलावों के संकेत देते हुए कहा था कि खिलाडिय़ों को हाथ आए मौकों को भुनाना चाहिए। इस सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए महेन्द्र सिंह धोनी को आराम दिया गया है। चौथे मैच में मोहम्मद शमी की जगह भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया जा सकता है।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, रवीन्द्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार।
ऑस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंडस्कांब, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टोन टर्नर, झाय रिचर्डसन, एडम जाम्पा, एंड्रयू टाये, पैट कमिंस, नाथन कूल्टर नाइल, एलेक्स कारे, नाथन लियोन, जासन बेहरेनडोर्फ।