Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में ये उपलब्धि हासिल करने वाले एकलौते बल्लेबाज बने आरोन फिंच

खेल डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने अब अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है। कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में नाबाद 153 रन की पारी खेल ये उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवाई है।

इस शतकीय पारी के साथ ही आरोन फिंच एकदिवसीय और टी-20 क्रिकेट में 150 या इससे अधिक रनों की पारी खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के दाएं हाथ के बल्लेबाज आरोन फिंच ने टी-20 अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले साल 172 रनों की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान फिंच ने 76 गेंदों पर 16 चौके और 10 छक्के लगाए थे। यह अन्तरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी पारी है।

पाकिस्तान के खिलाफ शाहजाह में खेले गए दूसरे वनडे में कप्तान आरोन फिंच (नाबाद 153) और उस्मान ख्वाजा (88) की शानदार पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को आठ विकेट से शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। यह कंगारू टीम की वनडे में लगातार पांचवीं जीत है।

मैन ऑफ द मैच आरोन फिंच ने अपनी नाबाद 153 रन की पारी के दौरान 143 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और छह छक्के लगाए। फिंच का यह वनडे में 13वां शतक है।पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान (115 रन) की शतकीय पारी की सहायता से 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 47.5 ओवर में दो विकेट पर 285 रन बनाकर जीत हासिल की।